भोपाल।भोपाल में कमर्शियल गतिविधियों पर कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। करीब पौने दो घंटे चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। महिलाएं भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुईं।व्यापारियों ने कहा कि रहवासी इलाकों में वर्षों से कारोबार संचालित हो रहे हैं, ऐसे में अचानक सीलिंग की कार्रवाई से दुकानदारों के साथ कर्मचारी और उन पर निर्भर परिवार भी प्रभावित होंगे।
व्यापारियों ने सरकार से भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू करने, मिक्स्ड लैंड यूज का प्रावधान करने और गुजरात की तर्ज पर अनधिकृत विकास नियमितीकरण कानून-2022 लागू करने की मांग की।उग्र आंदोलन की चेतावनी देने के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। उधर, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भोपाल के व्यापारियों के साथ अभी बैठक करेंगे और उनकी बात सुनेंगे।