भोपाल।सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 की तारीख तय कर दी गई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए नियम पुस्तिका जारी कर दी है। 1998 और 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों को पात्रता परीक्षा देनी होगी।ESB के मुताबिक, परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 4 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा भी दी गई है। उम्मीदवार 21 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक आवेदन में संशोधन कर सकेंगे।
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए ₹1,000 प्रति प्रश्न-पत्र परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क के अलावा कियोस्क और पोर्टल शुल्क भी देना होगा। MP Online पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने पर ₹60 पोर्टल शुल्क निर्धारित है।वहीं रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से आवेदन करने पर ₹20 शुल्क देना होगा। आवेदन में संशोधन के लिए भी अलग शुल्क तय किया गया है। पहली बार संशोधन करने पर ₹20 और अंतिम चरण में संशोधन करने पर ₹40 शुल्क निर्धारित किया गया है।