इंदौर। पलाश परिसर-2 स्थित ओमेक्स हिल्स के पास बनी पानी की टंकी इन दिनों किसी झरने से कम नजर नहीं आ रही है। टंकी से लगातार नर्मदा का पानी तेज़ी से बह रहा है, जिससे रोजाना हजारों लीटर अमूल्य जल व्यर्थ सड़क पर बह रहा है। हैरानी की बात यह है कि लंबे समय से पानी की बर्बादी जारी रहने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। टंकी से लगातार गिर रहे पानी के कारण आसपास की सड़क और परिसर में फिसलन बढ़ गई है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय रहवासियों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लीकेज ठीक नहीं कराया गया तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय सूत्रों का कहना हैं की कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। एक ओर शहर के कई हिस्सों में पानी की किल्लत की शिकायतें सामने आती रहती हैं, वहीं दूसरी ओर यहां नर्मदा का हजारों लीटर पानी खुलेआम बर्बाद हो रहा है। रहवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकने, सुरक्षा के इंतजाम करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।