इन्दौर। परीक्षाओं को समय पर करवाने को लेकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने बडा फैसला लिया है। अब परीक्षा शुरू किए जाने से दो महीने पहले टाइम टेबल जारी किया जाएगा। ऐसा करने के पीछे असल वजह यह है कि कालेज विद्यार्थियों का समय पर सिलेबस पूरा करवा सकें। नई व्यवस्था को नवंबर से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं से लागू किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने इसके बारे में कालेजों को निर्देश दे दिए हैं। वहीं विद्यार्थियों को सात दिन रीविजन करने के लिए समय दिया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक सेमेस्टर परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू की जाएगी। दरअसल, कई बार सिलेबस पूरा नहीं होने के चलते विश्वविद्यालय को सेमेस्टर परीक्षाओं के टाइम टेबल में फेरबदल करना पड़ा है।इसके चलते नवंबर-दिसंबर में होने वाली परीक्षा फरवरी तक चलती है।
ऐसी परिस्थिति बनने से मूल्यांकन और रिजल्ट से जुड़े-कार्य प्रभावित होते हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय ने स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर बैठक बुलाई।
15 सितंबर से आवेदन की प्रक्रिया होगी शुरू –इसमें परीक्षा-गोपनीय, मूल्यांकन और कम्प्यूटर सेंटर के अधिकारी शामिल हुए। नवंबर में तीसरे सेमेस्टर और दिसंबर में पहले सेमेस्टर की परीक्षा करवाने पर सहमति बनी है। आवेदन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू की जाएगी। 20 सितंबर तक टाइम टेबल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी का कहना है कि परीक्षा को समय पर करवाने को लेकर व्यवस्था बदली गई है। दो महीने पहले टाइम टेबल निकाला जाएगा। उसके आधार पर कालेजों को सिलेबस पूरा करना होगा। वे कहते हैं कि परीक्षा की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को भी पर्याप्त समय मिल सके। उन्होंने कहा कि कम से कम सात दिन विद्यार्थियों को प्रीपरेशन लीव मिले। इस बारे में कॉलेजों को निर्देश दिए हैं।