उज्जैन। ट्रेन में चढ़ते समय महिला यात्री का मंगलसूत्र चोरी करने वाली महिला दूसरी बार फिर से वारदात की फिराक में आई थी। जीआरपी ने उसे वारदात करने से पहले हिरासत में ले लिया। उससे पूर्व में चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद किया गया है।
शाजापुर की रहने वाली रीना पति धर्मेन्द्र 15 अक्टूबर को परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर उज्जैन आई थी। वापस लौटने के लिये वह रेलवे स्टेशन पहुंची थी और प्लेटफार्म नम्बर 1 पर आई कामाख्या एक्सप्रेस में सवार होने के लिये चढ़ रही थी। उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उसका सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया था। 70 हजार कीमत का मंगलसूत्र चोरी होने पर रीना ने पति के साथ जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। जीआरपी थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने मामला दर्ज कर आरपीएफ प्रभारी नरेन्द्र यादव की टीम के साथ मिलकर मंगलसूत्र चोरी करने वाले बदमाश की तलाश में सीसीटीवी कैमरे देखने पर सामने आया था कि मंगलसूत्र चोरी करने वाला बदमाश नहीं महिला थी, जो गोद में बच्चा लेकर आई थी। फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को वहीं महिला दोबारा से बच्चा लेकर स्टेशन पहुंची और प्लेटफार्म नम्बर 8 पर वारदात की फिराक में थी। जीआरपी की टीम ने फुटेज के आधार पर उसे पहचान लिया और हिरासत में लिया। थाना प्रभारी गुप्ता ने बताया कि पूछताछ में महिला का नाम पायल उर्फ झिंग्गो बंजारा पति लक्की बंजारा निवासी साबरमती नदी के पास झुग्गी झोपडी अहमदाबाद हाल मुकाम देवास बंजारा बस्ती सामने आया। उसकी निशानदेही पर 4.410 ग्राम वजनी मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपिया महिला से पूछताछ की जा रही है।
भोपाल-जयपुर ट्रेन में चढ़ते समय वारदात
रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर एक बार फिर से आभूषण चोरी करने वाली गैंग सक्रिय दिखाई दे रही है। बुधवार को महाराष्ट्र की रहने वाली 61 वर्षीय संध्या पति देवीदास सालुंके के साथ हुई कान की बाली चोरी होने का मामला महराष्टÑ में दर्ज होने के बाद उज्जैन जीआरपी के पास पहुंचा है। बताया जा रहा है कि संध्या सालुंके महाकाल दर्शन करने आई थी। दूसरे दिन सिहोर जाने के लिये स्टेशन पहुंची थी, उसी दौरान भोपाल-जयपुर ट्रेन में चढ़ते वक्त कान की बाली चोरी हुई थी। गुरूवार को भी नयापुरा निवासी सीता पत्नी रामचंद्र 65 वर्ष बेटी अनीता के साथ इंदौर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थी। डा. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस में चढ़ते समय कान की बाली चोरी हो गई थी।
-ट्रेन में चढ़ते समय महिला का चुराया था मंगलसूत्र हिरासत में वारदात की फिराक में दोबारा आई महिला