इंदौर। वर्ल्ड कप चौराहा के पास शनिवार सुबह खुले और असुरक्षित चेंबर की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक युवक का पैर अचानक चेंबर के भीतर फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक का पैर चेंबर के अंदर लगे लोहे के सरियों में बुरी तरह फंस गया था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों ने विशेष उपकरण मंगवाकर सरियों को काटने का काम शुरू किया।लंबे समय तक चली मशक्कत के बाद निगम टीम ने सरिया काटकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकलते ही युवक ने हाथ जोड़कर निगम कर्मचारियों का धन्यवाद किया। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और रेस्क्यू को देखने के लिए भीड़ लगी रही।