खुसूर-फुसूर सही पकडे हैं साहब,ये लोचा करते हैं

खुसूर-फुसूर

सही पकडे हैं साहब,ये लोचा करते हैं…

शहर को बहुत जल्द 6 लेन की सौगात मिलने वाली है। इसका काम लगभग पूर्ण होने की स्थिति में सामने आ रहा है। गुरूवार को इस मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों ने जलद इसकी पूर्णता को लेकर ठेका कंपनी को अधिक श्रमिक एवं संसाधन लगाकर समय पर इसे पूर्ण करने के लिए कहा है। इसके साथ ही अधिकारियों ने सर्विस रोड एवं रोड पर पूरी नाली बनाने के लिए कहा है। अभी मार्ग में कहीं नाली बनाई गई है कहीं नहीं,कुछ क्षेत्र में सर्विस रोड बनाई गई है कुछ क्षेत्र को छोड दिया गया है। पेडों की कटाई के बाद अनुबंध में जो तय किया गया है उस पर भी अभी अमल होना है। ऐसे मुद्दे अफसरों ने रखकर बिल्कुल सही पकडा है। असल में इससे पूर्व 4 लेन के निर्माण के समय भी संबंधित ठेका एजेंसी ने यही सब किया था। जल्द बाजी में काम में बहुत कुछ कमी थी और चौडाई में भी अच्छा खासा लोचा कर दिया था। तत्कालीन दौर में 4 लेन निर्माण के बाद पौधा रोपण किया जाना था जो एजेंसी के साथ अनुबंध में तय था लेकिन एजेंसी ने डिवाईडर के बीच में मात्र झाडियां लगाकर चूना पोत दिया था। जो कि वर्षों तक चलता रहा। झाडियों के सहारे एजेंसी ने काम चला दिया और संबंधित डेवलपमेंट कार्पोंरेशन के अधिकारी भी बराबर उसे चलाते रहे । यह स्थिति इसलिए भी बनी की बराबर परिवर्तन जारी रहा। कभी ये तो कभी वो। बीच –बीच में रोड की हालत भी इन वर्षों में खराब हुई तो उसका संधारण भी बमुश्किल ही ठेका एजेंसी ने किया। वह भी काफी मशक्कत के बाद किया गया। अब चुंकी 6 लेन का मामला है और अफसर काफी अपडेट हैं ऐसे में निरीक्षण में ही प्रारंभिक स्तर पर रोड की पूर्णता के पूर्व ही एजेंसी को हिदायत दी गई है। खुसूर-फुसूर है कि इस रोड पर सर्वाधिक लोड रहता है और भविष्य में भी लोड रहेगा ऐसे में इसे मापदंड के अनुरूप ही पूर्ण करवाया जाना आवश्यक है। निविदा की शर्तों का पूरा पालन इसमें करवाया जाना चाहिए  जो कि जनहित में भी है और सडक के हित में भी है। नाली एवं सर्विस रोड का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष मायने रखता है। आसपास की जमीनों एवं खेतों में पानी भरने की समस्या हो और वेवजह के आंदोलन हों इससे पहले ही सडक की पूर्णता में इसे जांच कर एजेंसी से काम पूर्ण करवाया जाने का कदम उठाया जाना चाहिए ।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment