इंदौर। खजराना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवती का घर में दो दिन पुराना जला हुआ शव मिला। शव पूरी तरह झुलसा हुआ था। आसपास के रहवासियों ने दरवाजा तोड़ा, तब घटना की जानकारी मिली और पुलिस को सूचना दी।पुलिस के मुताबिक, तपेश्वरी बाग निवासी पलक केशव का शव मिला है। वह यहां किराए के कमरे में रहती थी। मूल रूप से वह टिमरनी, जिला हरदा की रहने वाली थी। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवती का शव किचन में मिला है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता दो दिन से युवती को फोन लगा रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही थी। इसके बाद पिता ने मकान मालिक को फोन किया। मकान मालिक ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर देखा तो घटना का पता चला। युवती बिजनेस पार्क स्थित एक बैंक में काम करती थी।