इंदौर। चर्चित पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड के आरोपी अखिलेश सैनी से जुड़े मामले में नया मोड़ आया है। गंजबासौदा के पास एक गांव के खेत में मिला कटा हुआ सिर अखिलेश सैनी का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पहचान निश्चित करने के लिए सिर और बरामद शव का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्राम महागोर के पास खेत में एक मानव सिर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।पुलिस के मुताबिक, जहां सिर मिला, वह स्थान रेलवे ट्रैक से करीब 500 मीटर दूर खेतों में है। सिर की हालत बेहद खराब थी। उस पर मांस और मांसपेशियां नहीं थीं और केवल हड्डियों का ढांचा बचा था। इसी वजह से मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी।मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर बी.एल. मालवीय ने बताया कि बरामद सिर और पहले मिले शव का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिर किस व्यक्ति का है।