CM मोहन यादव के स्वागत को लेकर कर्मचारियों की अनोखी पहल: बाबा महाकाल को दिया गया आमंत्रण, कार्यक्रम की सफलता की कामना
उज्जैन। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के बाद राज्यभर के कर्मचारियों में खुशी की लहर है। इसी क्रम में उज्जैन संयुक्त मोर्चा जिला उज्जैन निकाय ने एक अनोखी पहल करते हुए महाकालेश्वर भगवान को आमंत्रण पत्र सौंपा और आगामी स्वागत कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
महंगाई भत्ता 50% से बढ़कर 55%
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) को 50% से बढ़ाकर 55% करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय कर्मचारियों के लंबे समय से चल रहे इंतजार को समाप्त करता है और महंगाई के इस दौर में बड़ी राहत देता है।
पॉलीटेक्निक कॉलेज में सम्मान समारोह
इस फैसले के बाद संयुक्त कर्मचारी संघ द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज उज्जैन में एक सम्मान और स्वागत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिजीत मुहूर्त में भव्य स्वागत किया जाएगा और उन्हें कर्मचारियों के हित में निर्णय लेने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।
महाकाल को सौंपा गया आमंत्रण
कार्यक्रम को सफल बनाने और शुभता के लिए आज संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने महाकाल मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल को आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान पूजन और प्रार्थना कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की गई।
