उज्जैन। रेलवे स्टेशन पार्सल आॅफिस के पास मुसाफिर खाने में 6 माह के बालक और डेढ़ साल की बालिका को छोड़कर भागी महिला का 2 दिन बाद भी पता नहीं चल पाया है। जीआरपी ने दोनों बच्चों को अपनी कस्टडी में लिया था और उन्हे सेवा भारती मातृछाया की निगरानी में भेजा था। टीआई सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि प्लेटफार्म पर लगे कैमरे में महिला दिखाई दी थी, बच्चों को छोड़ने के बाद वह रेलवे स्टेशन परिसर से बाहर निकल गई थी, आसपास के कैमरे भी देखे जा रहे है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला को रामघाट पर देखा गया था, लेकिन वह कहां की रहने वाली है, इसकी जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
। आनलाइन साइबर फ्रॉड को लेकर पुलिस स्कूल-कॉलेज से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चला रही है। वहीं उज्जैन जिले में लोग ठगों के जाल मे फंस रहे है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने 24 घंटे में 6 लोगों के साथ हुई आॅनलाइन धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज किये है। माधवनगर पुलिस ने 2, खाराकुआ-कोतवाली थाना पुलिस ने 1-1, नागदा पुलिस ने 2 प्रकरण दर्ज किये है। ठगों ने करीब 11 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की है। पुलिस के अनुसार सभी मामलों की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी, जहां से जांच के लिये पुलिस के पास पहुंचे है। सभी में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318 (4) बीएनएस का प्रकरण दर्ज किया गया है। पिछले चार माह से जिले में लगातार लोगों के साथ आॅनलाइन फ्रॉड की शिकायत सामने आ रही है। अब तक 120 से अधिक मामले सामने आ चुके है।
मासूमों को छोड़ भागी महिला का नहीं मिला पता, जाल में फंस रहे उज्जैन के लोग