उज्जैन में चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।महाकाल थाना पुलिस ने बाइक चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की। वहीं, नीलगंगा पुलिस ने सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर चुराने वाले दो आरोपियों को पकड़ा।पुलिस ने बाइक चोर का क्षेत्र में जुलूस निकालकर उससे उठक-बैठक भी लगवाई। दोनों कार्रवाई का खुलासा रविवार शाम करीब 4 बजे किया गया। घर के बाहर से चुराई बाइक पहला मामला महाकाल थाना क्षेत्र का है। कोट मोहल्ला निवासी सोहेल खान ने 23 सितंबर की रात करीब 11 बजे अपनी होंडा शाइन बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह 6 बजे बाइक गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भैरवगढ़ निवासी विशाल उर्फ आकाश उर्फ चीका वर्मा (उर्फ राज) को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ महाकाल, भैरवगढ़, बड़नगर और नागदा थानों में चोरी सहित अन्य धाराओं के 8 प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में उसका जुलूस निकाला और उठक-बैठक लगवाई।
ज्वेलर्स की दुकान पर बेचने पहुंचे जेवर दूसरा मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का है। इंदौर रोड स्थित टीला तालाब के पास रहने वाली कमलेश सोलंकी के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ले गए थे। देवेंद्र सिंह सोलंकी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध सिद्धि कॉलोनी में सुनार की दुकान पर चोरी के जेवर बेचने पहुंचे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोलाराम यादव (20) और हरी यादव (18), निवासी कमला नेहरू नगर बताए। उनकी निशानदेही पर एक सोने की अंगूठी, चांदी की पायजेब, बिछुड़ी और अन्य जेवर बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत करीब 55 हजार रुपए बताई गई है। भोलाराम से करीब 30 हजार रुपए की सोने की अंगूठी और हरी से करीब 25 हजार रुपए के चांदी के जेवर मिले।
तीनों को कोर्ट में पेश करेगी पुलिसदोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। एक मामले में बाइक और दूसरे में करीब 55 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए गए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों को जल्द न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।