महिलाओं ने उखाड़े स्मार्ट मीटर, बीपीएल चौराहे पर किया चक्काजाम

मन्दसौर। जिले में लगातार बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ी को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। 31 जुलाई को जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर के नेतृत्व में किटियानी, हाजी कॉलोनी और सत्य साईं कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने अपने घरों के बाहर लगे स्मार्ट मीटरों को निकालकर एकत्रित किया और उन्हें विद्युत विभाग कार्यालय में जमा कराने की मुहिम शुरू की।

शुक्रवार की शाम को दीपकसिंह गुर्जर, मनजीतसिंह मनी, सुरेश भाटी सहित कई लोगों ने अपने घरों से निकाले गये स्मार्ट मीटरों हाथों में लेकर स्थानीय बीपीएल चौराहा पर चक्काजाम कर दिया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने के लिये प्रयास किये।स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन और विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से पहले उनका मासिक बिजली बिल करीब 500 रुपये आता था, लेकिन अब यह बढ़कर 3 से 5 हजार रु. तक पहुँच गया है। अत्यधिक बिल आने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है, जिससे लोगों के लिए बच्चों का लालन-पालन और घर का राशन चलाना कठिन हो गया है।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दीपक सिंह गुर्जर ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं पर तो जबरन बिल वसूली का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि बकाया न चुकाने वाले सरकारी कार्यालयों पर कार्रवाई नहीं की जाती।विद्युत विभाग द्वारा बिना अनुमति स्मार्ट मीटर उखाड़ने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के बावजूद ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे मीटरों को नुकसान नहीं पहुँचा रहे हैं, बल्कि केवल उन्हें निकालकर विभाग को वापस सौंप रहे हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment