बुरहानपुर। खेत में मक्का, मिर्ची और तुवर की फसल लगाकर उसकी आड़ में गांजे की खेती की जा रही थी। बाहर से देखने पर खेत में सामान्य फसल नजर आती थी, लेकिन इनके बीच कतारों में गांजे के पौधे लगाए गए थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने खेत में दबिश दी और मौके से गांजे के 23 हरे पौधे जब्त किए। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने खेत मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मामला निंबोला थाना क्षेत्र की धुलकोट पुलिस चौकी अंतर्गत सैलानी बाबा फालिया का है। पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, खरीदी-बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सैलानी बाबा फालिया में रहने वाला एक व्यक्ति अपने खेत में अन्य फसलों के बीच गांजे के पौधे लगाकर अवैध खेती कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की तस्दीक की और खेत पर कार्रवाई की योजना बनाई।
*मक्का और तुवर के बीच कतार में लगाए थे पौधे-सूचना की पुष्टि के बाद निंबोला थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में धुलकोट चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। इस दौरान मक्का, मिर्ची और तुवर की फसल के बीच गांजे के पौधे दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार पौधों को अन्य फसलों के बीच इस तरह लगाया गया था कि सामान्य रूप से खेत देखने पर गांजे की खेती का पता नहीं चल सके। तलाशी लेने पर कुल 23 गांजे के पौधे मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके से जब्त कर विधिवत कार्रवाई की।