मंदसौर। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को किसानों व छात्रों ने किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में स्थानीय यश नगर कॉर्नर से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें रखीं और इसके पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द्र, कमलेश पटेल, भगतराम डाबी और नेहा जैन सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की और इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी भंवरलाल गुर्जर ने कविता के माध्यम से छात्रों की पीड़ा व्यक्त की।ज्ञापन में नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, पुलिस लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। कार्यक्रम में पूर्व मंडी अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में नागरिक और छात्र उपस्थित रहे।
उल्टा फहराया राष्ट्रीय ध्वज- इस दौरान प्रदर्शन में राष्ट्रीय ध्वज के करीब आधे घंटे तक उल्टा फहराए जाने का मामला भी सामने आया, जिसे बाद में लोगों का ध्यान जाने पर सीधा किया गया। इस मामले में श्यामलाल जोकचंद ने कहा कि भाजपाईयों ने प्रदर्शन में घुसकर यह कार्य किया है। वहीं पुलिस ने वायरल वीडियों की जांच के उपरांत कार्यवाही करने की बात कही है।
नीट पेपर लीक के विरोध में किसानों और छात्रों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन