इंदौर। लसूड़िया मेंशुक्रवार सुबह इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम में आग लग गई। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले 6 परिवारों के 20 लोग फंस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पड़ोसियों की मदद से सीढ़ियों और रस्सियों के सहारे उनको बाहर निकाला।हादसा लसूड़िया इलाके में खालसा चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हुआ।शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है।आग में फंसे लोगों को छत पर आने के लिए कहा-बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर बने फ्लैट्स में लोग सो रहे थे। धुआं भरने पर सांस लेने में तकलीफ हुई तो उनकी नींद खुली। उन्होंने नीचे देखा तो शोरूम से लपटें उठ रही थीं। इसी के बगल में सीढ़ियां बनी हैं, जिनके लपटों में घिर जाने के कारण ऊपर की मंजिलों से लोग नीचे नहीं सके।चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले लोग बाहर आए। उन्होंने सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया। आग में फंसे लोगों को छत पर आने के लिए कहा।लोगों ने दोनों छतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर रास्ता बनाया। खिड़कियों और एंगल से रस्सियां बांधकर दूसरी तरफ फेंकी। आग में फंसे कुछ लोग इन सीढ़ियों से दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचे। कुछ लोग रस्सियों के सहारे नीचे उतरे।राहत की बात यह रही कि आग किसी भी फ्लैट तक नहीं पहुंची, जिससे घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, शोरूम में सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जल गए।