उज्जैन। डिजीटल सुरक्षा को लेकर पुलिस तकनीकी स्तर पर निगरानी रख साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार कर रही है। एक बार फिर पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल 55 मोबाइल नम्बरों के साथ होटल बुकिंग के नाम पर संचालित की जा रही 4 वेबसाइड को बंद कराया है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि डिजीटल सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिये उज्जैन पुलिस लगातार डिजीटल माध्यमों से ऐसे मोबाइल नम्बरों पर नजर रखी रही है। जिनका उपयोग आॅनलाइन ठगी, बैकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक भेजकर नागरिकों से साइबर ठगी को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में आईटी सेल शाखा टीम के एसआई प्रतिक यादव, आरक्षक प्रिंस छाबड़ा और मयूर घूंघरवाल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से 55 नम्बरों का पता लगाया, जिसके माध्यम से आनलाइन ठगी को अंजाम दिया जा रहा था। नम्बरों की जानकारी मिलने पर दूरसंचार कंपनियों से संपर्क कर सभी को बंद कराया गया है। टीम द्वारा 64 मोबाइल के आईएमईआई नम्बरों को भी ब्लॉक कराया है, जिससे संबंधित मोबाइल उपकरणों का किसी साइबर अपराध में उपयोग रोका जा सके। पूर्व में जनवरी माह के दौरान भी पुलिस टीम ने 213 मोबाइल नम्बरों को बंद कराया था। पुलिस की आईटी शाखा लगातार ऐसे नम्बरों का विश्लेषण कर रही है, जिनके माध्यम से डिजीटल सुरक्षा का गलत उपयोग किया जा रहा है।
चार फर्जी वेबसाइड भी आई थी सामने
आईटी सेल शाखा द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से रखी जा रही नजर के दौरान चार ऐसी फर्जी बेवसाइड भी सामने आई। जिनके माध्यम से धार्मिक नगरी में होटल, धर्मशाला में आॅनलाइन बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही थी। चारों वेबसाइड को ऐसे डिजाइन कर गूगल पर अपलोड किया गया था, जिससे आमजन आसानी से भ्रमित हो रहा था। उक्त चारों बेवसाइड को भी निष्क्रिय कराने का काम पुलिस द्वारा किया गया है।
आमजन से उज्जैन पुलिस की अपील
एसपी प्रदीप शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी होटल, धर्मशाला अथवा अन्य सेवा की आॅनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय वेबसाइटों का उपयोग करें। किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराये
धोखाधड़ी में शामिल 55 मोबाइल नम्बर को कराया गया बंद -4 फर्जी वेबसाइट और 64 आईएमईआई नम्बर निष्क्रिय