10 साल बाद फिर से मंदिर के आवागमन मार्ग पर हीट प्रुफ लगा अबकी बार बारिश में फिसलन न हो ऐसा सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट किया उपयोग -दान से महाकाल का पाथ-वे हीट प्रुफ हुआ,अब श्रद्धालुओं के पैरों को गर्मी से राहत मिलेगी

उज्जैन। 10 साल बाद एक बार फिर से श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के श्रद्धालु आवागमन मार्ग पर हीट प्रुफ किया गया है। अबकी बार बारिश में फिसलन रहित सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट का उपयोग किया गया है। इससे श्रद्धालुओं के पैरों को अब पत्थर की गर्मी से बचाया जा सकेगा। मंदिर प्रबंध समिति ने मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल महालोक में दर्शन पथ पर यह हीट प्रूफ पाथ-वे नीलकंठ से पंचमुखी हनुमान, मानसरोवर से होते हुए शंख द्वार एवं बड़ा गणेश मंदिर तक किया है।

भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दान से (लगभग 13 हजार स्क्वेयर फीट में ) इस हीट प्रूफ पाथ-वे के निर्माण से तपती धूप में भी श्रद्धालुओं के पैर नहीं जलेंगे तथा वे बिना किसी असुविधा के सहजता से दर्शन पथ पर आवागमन कर सकेंगे। दर्शन हेतु प्रवेश एवं निर्गम मार्ग पर यह व्यवस्था श्रद्धालुहित की साबित होने वाली है। इससे श्रद्धालु गर्मी के बावजूद सुरक्षित एवं आरामदायक तरीके से भगवान के दर्शन के लिए नंगे पैर आवागमन कर सकेंगे। इससे प्रतिदिन भगवान के दर्शन करने आने वाले औसत डेढ लाख से अधिक श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।

10 साल पहले किया था प्रयोग-

मंदिर के सूत्रों के अनुसार देश के कई मंदिरों में इस व्यवस्था को देखने के बाद 10 वर्ष पूर्व वर्ष 2016 में इसका सिमित क्षेत्र में उपयोग किया गया था। तत्कालीन समय में बारिश के दौरान सोलर रिफ्लेक्टिव कोटिंग से फिसलन की समस्या सामने आई थी उसके बाद इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। सामने आ रहा है कि वर्तमान कोटिंग से बारिश के दौरान भी कोई समस्या नहीं आएगी। उस दौरान भी इस पर फिसलन की स्थिति नहीं बन पाएगी।

अब नहीं जलेंगे श्रद्धालुओं के पैर-

मंदिर प्रबंध समिति के जनसंपर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह एवं प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम मे ग्रीष्म ऋतु में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में मंदिर परिसर एवं श्री महाकाल महालोक में दर्शन पथ पर (लगभग 13 हजार स्क्वेयर फीट में ) हीट प्रूफ पाथ-वे (सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट) का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह हीट प्रूफ पाथ-वे नीलकंठ से पंचमुखी हनुमान, मानसरोवर से होते हुए शंख द्वार एवं बड़ा गणेश मंदिर तक किया जा रहा है। इस हीट प्रूफ पाथ-वे के निर्माण से तपती धूप में भी श्रद्धालुओं के पैर नहीं जलेंगे तथा वे बिना किसी असुविधा के सहजता से दर्शन पथ पर आवागमन कर सकेंगे। दर्शन हेतु प्रवेश एवं निर्गम मार्ग पर यह व्यवस्था विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे श्रद्धालु गर्मी के बावजूद सुरक्षित एवं आरामदायक तरीके से भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment