उज्जैन। बदमाशों द्वारा मार्केटिंग एजेंसी का ताला तोड़कर शनिवार-रविवार रात 30 लाख से अधिक कीमत की ब्रांडेड सिगरेट चोरी कर ली गई। मामले में रविवार रात पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में भी लिया गया है।
माधवनगर थाना क्षेत्र के घटकरपर मार्ग फ्रीगंज में रहने वाला सौरभ पिता सुरेश माहेश्वरी दशहरा मैदान नेहरू पार्क के पास माहेश्वरी मार्केटिंग एजेंसी का संचालन करते है। एजेंसी से आईटीसी कंपनी की 25-30 ब्रांड की मंहगी सिगरेट की मार्केटिंग पूरे जिले में की जाती है। रविवार सुबह 11.30 बजे वह एजेंसी पहुंचे पहुंचे तो ताला टूटा दिखाई दिया। अंदर देखने पर ब्रांडेड कंपनी की सिगरेट के 25 से 26 बड़े बॉक्स गायब थे। एजेंसी में लगे कैमरों का डीवीआर भी नहीं था। चोरी की सूचना माधवनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच के लिये पहुंची, इस दौरान सौरभ माहेश्वरी ने बताया कि चोरी हुई सिगरेट की कीमत करीब 30 लाख रूपये के लगभग है। एजेंसी से कैमरों का डीवीआर चोरी होने पर बदमाशों के फुटेज सामने नहीं आ पाये। पुलिस ने जांच के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें संदिग्ध कार दिखाई दी है। वहीं 2 व्यक्ति भी होना सामने आये। दिनभर जांच के बाद रात में सौरभ माहेश्वरी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। वहीं चोरी में शामिल बदमाशों का पता लगाने के लिये एक टीम गठित की गई है।
चोरी की कार से बदमाशों के आने की शंका
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने पर एक नहीं 2 कार होना सामने आई है। बदमाश किसी कार में सवार थे, इसका पता नहीं चल पाया है, लेकिन शंका जताई जा रही है कि बदमाश जिस भी कार से आये थे वह चोरी की हो सकती है। रात का समय होने पर पुलिस कार का नम्बर ट्रेस नहीं कर पाई है। बावजूद आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगाल कर नम्बर ट्रेस करने के साथ कार के आने और जाने वाले रास्तों का पता लगाया जा रहा है। आशंका यह भी जताई गई है कि बदमाश बाहरी हो सकते है। जिनका स्थानीय बदमाशों से संपर्क रहा होगा।
6 माह पहले भी हुई थी सिगरेट की चोरी
माधवनगर थाना क्षेत्र में 12-13 नम्बर 2025 को भी सिगरेट चोरी का बड़ा मामला सामने आया था। फ्रीगंज क्षेत्र भाजपा नगर मंत्री की होलसेल किराना दुकान जेके ट्रेडर्स से बदमाशों ने लाखों की सिगरेट चोरी की थी। उस दौरान भी बदमाश कार से आये थे जो चोरी की होना सामने आई थी। पुलिस ने एक माह की तलाश के बाद 3 बदमाशों का गिरफ्तार किया था, जो मुम्बई के रहने वाले थे। बदमाश सिर्फ मंहगी सिगरेट चोरी कर दूसरे जिले और राज्यों में ठिकाने लगाते थे। एक बार फिर बदमाशों ने माधवनगर थाना पुलिस को ब्रांडेड सिगरेट चोरी कर चुनौती दी है।
सीसीटीवी कैमरों में दिखी 2 कार, संदिग्धों से पूछताछ ताला तोड़ बदमाशों ने उड़ाई लाखों की ब्रांडेड सिगरेट