रतलाम। 21 दिन पहले सराफा व्यापारी के घर पर फायरिंग करवाने वाले मास्टर माइंड बजरंग दल के पूर्व नेता विनोद उर्फ वीनू शर्मा व उसके साथी अजय यादव को पुलिस ने शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। मास्टर माइंड वीनू शर्मा ने 1 करोड़ रुपए की वसूली के लिए 40 लाख में सुपारी लेकर सराफा व्यापारी के घर पर फायरिंग कराई थी।
शहर के डीडी नगर थाना अंतर्गत सैफी नगर में 19 जून की दोपहर सराफा व्यापारी कमल जैन के घर पर दो बाइक से आए चार बदमाशों ने फायरिंग की थी। गोली खिड़की को चीरते हुए घर के अंदर चली गई थी। कुछ ही दूरी पर व्यापारी की पत्नी सो रही थी। वह बच गई नहीं तो गोली उन्हें लग सकती थी।व्यापारी ने बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक विनोद उर्फ वीनू शर्मा पर धमकाने व फायरिंग कराने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस जांच में जुटी। सराफा व्यापारी कमल जैन के बेटे व सरवन के सराफा व्यापारी आदित्य सोमानी के बीच शेयर मार्केट व एमसीएक्स के लेनदेन को लेकर विवाद था।फायरिंग के एक दिन पहले ही सराफा व्यापारी ने सरवन थाने में आदित्य सोमानी के खिलाफ 1 करोड़ रुपए की वसूली के लिए धमकाने का केस दर्ज कराया था। इसके अगले दिन ही उनके घर फायरिंग हो गई थी।