लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से 100 किलो डोडाचूरा बरामद; आरोपी फरार

लग्जरी कार से 100 किलो डोडाचूरा बरामद; आरोपी फरार
​मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत शामगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा और एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।​ प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को थाना शामगढ़ के सहायक उप निरीक्षक देवी सिंह डामोर को मुखबिर से सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने उज्जैन-गरोठ ढाबला फोरलेन के पास एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार क्र.एचआर 26 बीएन 0577 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार चालक ने वाहन को वापस मोड़ा और उज्जैन की ओर भगाने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया, जिस पर चालक कार को गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गया।​
पुलिस ने जब लावारिस छोड़ी गई फॉर्च्यूनर कार की तलाशी ली, तो उसमें से अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के पांच कट्टे बरामद किए गए। जप्त किए गए डोडाचूरे का कुल वजन 100 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी जप्त कर ली है। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment