उज्जैन। दीपावली पर्व के पूर्व रवि पुष्य के योग में रविवार शाम को बाजार में रौनक देखी गई। कपडों के साथ अन्य त्यौहारी खरीद इस दौरान अधिक रही है। सोना चांदी में दाम की गिरावट और होने की संभावना के चलते ग्राहकी त्यौहार जैसी नहीं रही है। बाजार में अव्यवस्था की स्थिति बनी रहने से दुकानदारों एवं खरीददारों को परेशानी रही है।रविवार को सुबह से लेकर अपरांह् तक बाजार में छूट-पूट खरीदी हो रही थी। शाम ढलने के साथ ही बाजार में ग्राहक उमडने शुरू हो गए थे। अधिकांश ग्राहक सामान्य दीपावली की खरीदी के लिए ही खुले बाजार में रहे। इस दौरान कपडे एवं साज सज्जा की दुकानों पर खासी ग्राहकी देखी गई है। देर शाम तक बाजार में खासी भीड रही। पटनी बाजार में ग्राहकों की संख्या रही लेकिन खरीददारी कमजोर रही है।इस आवागमन में समस्या होने से ग्राहक परेशानी से दो-चार होते देखे गए हैं।पिछले वर्षों की अपेक्षा 10 फीसदी खरीद-उज्जैन सराफा बाजार में रविवार को पुष्य नक्षत्र के लिए पटनी बाजार स्थित दुकानों पर ग्राहकों के लिए रेड कारपेट लगाया गया था। दुकानों में सजावट की गई थी। भाव भी गिरावट के साथ ही दर्ज किया गया था। इसके बावजूद बाजार कमजोर ही रहा है। बाजार में जो खरीद हुई है वह भी मात्र रवि पुष्य के योग की शगुन खरीद रही है। देर शाम तक बाजार में पिछले वर्षों की अपेक्षा मात्र 10 फीसदी खरीद होने की स्थिति ही उभरकर सामने आ रही थी। बाजार के विश्लेषकों के अनुसार मात्र छूटपूट ग्राहकी रही है। ग्राहकों को सोना –चांदी के दाम में और अधिक गिरावट का अंदेशा होने से भी खरीद प्रभावित रही है। बडे शो रूमों पर शाम के दौरान अच्छी खरीद हुई है लेकिन पूर्व वर्षों की अपेक्षा वहां भी ग्राहकी कमजोर रही है। इधर व्यापारियों का यह भी कहना था कि पिछले कुछ समय से परचेसिंग पावर भी कमजोर हुई है।4 नवंबर के बाद स्थिति संभलने की संभावना-इधर बाजार के विश्लेषकों के अनुसार इरान युद्ध की स्थिति में अमेरिका अगर 4 नवंबर तक हमला नहीं करता है तो ऐसे में बाजार में एक बार फिर से प्रमुख धातुओं के दामों में स्थिरता बन सकती है और दामों में बढोतरी बन सकती है। क्रुड आयल के दाम बराबर बढने एवं डालर गिरने के कारण से भी भाव बराबर प्रभावित हो रहे हैं।आवागमन में परेशानी से जुझे ग्राहक-इधर पुराने शहर के सर्राफा क्षेत्र में दुकानों के आसपास एवं मुख्य मार्ग पर रेहडी वालों के कारण ग्राहकों को आवागमन में समस्या का सामना करना पडा है तो छत्री चौक से कंठाल मार्ग पर भी सडक के बीच में एवं साईड में बैठकर व्यापार करने वालों के कारण व्यापार प्रभावित होता रहा है। दुकानदारों ने कहा कि सडक के बीच में रेहडी वालों को बैठाने से उनकी दुकान के सामने सडक के बीच में वाहनों की पार्किंग की जगह ही नहीं मिली जिससे ग्राहक आगे निकल गए। ग्राहकों का कहना था कि सडक के चौडीकरण किए जाने के बाद भी पैदल चलने में भी समस्या की स्थिति रही है। सडक के बीच में दो पहिया वाहन एवं आजू बाजू में ई-रिक्शा टैक्सी चलती रही जिससे आवागमन में समस्या रही है। शहीद पार्क रोटरी एवं टावर तक भी यही स्थिति बाजार में रही है। दो पहिया वाहनों के साथ ही सडक के बीच में रेहडी वालों के कारण पैदल चलने वाले ग्राहकों को परेशानी रही। ग्राहकों का कहना था कि सडक के बीच में दायरा तय कर दुकानदारों को बैठाया जाना था। इसके लिए लाईन खींचकर नगर निगम को व्यवस्था को नियंत्रित करना था। आगे पीछे बैठे दुकानदारों ने सडक के दोनों और गलियारा बनाकर रख दिया था।