उज्जैन। मध्यप्रदेश अधिवक्ता परिषद के चुनाव 12 मई को होने जा रहे है। 23 सदस्यों के लिये उज्जैन के चार अभिभाषक मैदान में है। पूरे प्रदेश के लगभग 87 हजार अभिभाषक चुनाव में मतदान कर 23 सदस्यों को चुनेगे।
पांच साल में एक बार होने वाले म. प्र. अधिवक्ता परिषद चुनाव में इस बार 23 सदस्यों के लिये प्रदेशभर से 119 उम्मीदवार मैदान में है। उज्जैन से अभिभाषक सुरेन्द्र चतुर्वेदी, आशीष उपाध्याय, संदीप मेहता और अतुल रैना भी परिषद में सदस्य पद के लिये चुनाव लड़ रहे है। 12 मई को पूरे प्रदेश में एक साथ मतदान होगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार हाई पावर कमेटी की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया चल रही है। जिसमें 30 प्रतिशत पद महिला अधिवक्ताओं के लिये आरक्षित है। उज्जैन के अभिभाषक सचिन नागर ने बताया कि चुनाव में प्रथम वरीयता के मत सबसे महत्वपूर्ण माने जाते है। इनकी गिनती सबसे पहले होगी। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम आने में 2 माह का समय लग सकता है। पूर्व में उज्जैन से प्रताप मेहता अधिवक्ता परिषद का चुनाव भारी मतों से जीते थे और परिषद में उच्च पद पर नियुक्ति किये गये थे। उनके निधन के बाद से सीट रिक्त हो गई थी और उज्जैन से कोई भी सदस्य राज्याधिवक्ता परिषद के चुनाव में सदस्य के रूप में मनोनित नहीं रहा। इस बार उज्जैन से चार अभिभाषक चुनाव मैदान में उतरे है। उज्जैन से करीब 3 हजार मतदान चुनाव प्रक्रिया में भाग लेगें। चुनाव प्रक्रिया के लिये पूरे प्रदेश में 216 पोलिंग बूथ बनाये जा रहे है। उज्जैन में न्यायिक अधिकारी निर्वाचन अधिकारी रहेगें। मध्यप्रदेश अधिवक्ता परिषद चुनाव के मतदान में 2 चीजे जरूरी रहेगी जिसमें पहली वोटर लिस्ट में नाम और दूसरा वोटिंग के समय वैलिड आईडेंटिटी कार्ड। मतदान का समय सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगा।
म.प्र. अधिवक्ता परिषद चुनाव में उज्जैन के चार अभिभाषक -23 सदस्यों के लिये 12 मई को मतदान, प्रदेश के 119 उम्मीदवार मैदान में