उज्जैन। पिपलोदा बागला स्टेशन पर बुधवार रात ट्रेन से कटने पर एक युवक की कई टुकड़ों में लाश जीआरपी ने बरामद की थी। घटनास्थल से 2 मछली मिली थी। मछली मिलने की बात गांव में फैली तो मृतक की पहचान हो गई। मृतक उत्तरप्रदेश का रहने वाला था।
जीआरपी प्रधान आरक्षक राकेश वर्मा ने बताया कि बुधवार रात को वीरभूमि एक्सप्रेस ट्रेन से पिपलोदा बागला स्टेशन पर एक युवक की कटने से मौत होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर लाश के कई टुकड़े मिले थे, लेकिन पहचान का कोई दस्तावेज नहीं था। शव को चादर में लपेटकर चरक अस्पताल भेजा गया था। पुलिस को घटनास्थल पर जांच के दौरान 2 मछलियां मिली थी, इस बात की खबर गांव में फैली तो सामने आया कि मृतक रामनाथ पिता रवेंद्र सहानी 42 साल हो सकता है, जो मूलरूप से उत्तरप्रदेश के देवरिया का रहने वाला है। कुछ माह पहले वह पिपलोदा बागला में रहने वाली मौसी के आया हुआ था, पुलिस ने मृतक की मौसी के परिवार से संपर्क कर पहचान के लिये बुलाया, जहां मौसेरे भाईयों ने कपड़ो से उसकी पहचान कर ली। बताया गया कि अमरनाथ शराब पीने का आदी था और मछली पकड़ने का काम करता था। वह रात में भी नदी, तालाब के किनारे रहता था और मौसी के घर कम आता-जाता था। मछली बेचकर जीवन ज्ञापन कर रहा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। प्रधान आरक्षक राकेश वर्मा के अनुसार शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। जिसका अंतिम संस्कार उज्जैन चक्रतीर्थ पर कराया गया।
मछलियों से हुई टुकड़ो में मिली लाश की पहचान