इंदौर-बेंगलुरू के नेलामंगला स्थित शिवगंगे पहाड़ियों में लापता इंदौर के 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय की तलाश छठे दिन भी जारी है। मंगलवार शाम अंधेरा होने के बाद 60 घंटे से अधिक चला सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था। बुधवार सुबह पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें पहाड़ी के दुर्गम हिस्सों में दोबारा तलाशी शुरू करेंगी।तलाशी के दौरान पुलिस को शांताला ड्रॉप के पास अद्वैत का मोबाइल फोन और ड्रोन मिला। इससे पहले रविवार को प्रतिबंधित शांताला पॉइंट के पास उसका बैग और स्वेटर भी मिला था। पुलिस अब इन सामानों के मिलने की जगह और अद्वैत की डिजिटल गतिविधियों को जोड़कर उसकी मूवमेंट की टाइमलाइन तैयार कर रही है।पुलिस के मुताबिक, मोबाइल बंद होने से पहले कुछ समय तक चालू था। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि फोन किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ तो नहीं लगा था। जिस जगह मोबाइल और ड्रोन मिले, वहां अद्वैत के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान एक अन्य पर्यटक द्वारा खींची गई अद्वैत की फोटो भी मिली है। पुलिस इस फोटो और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर उसके पहाड़ी पर पहुंचने और वहां की गतिविधियों की टाइमलाइन तैयार कर रही है।