इंदौर। फर्स्ट बटालियन स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में हादसा हो गया। यहां काम करने वाला एक मजदूर शनिवार शाम आठवें माले से नीचे गिर गया। घायल अवस्था में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सदर बाजार पुलिस के अनुसार, पंकज (22) पुत्र मुकेश को उसका ठेकेदार रियाज अस्पताल लेकर पहुंचा था। ठेकेदार ने बताया कि पंकज प्लास्टर का काम पांचवें माले पर कर रहा था। शाम को काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर नीचे आ रहे थे, तभी पंकज आठवें माले पर कुछ सामान लेने चला गया। काफी देर तक वह नीचे नहीं आया, जिसके बाद अन्य कर्मचारियों ने उसे घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा और ठेकेदार को सूचना दी।उत्तर प्रदेश का रहने वाला था पंकज-पंकज मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला था और करीब दो महीने पहले इंदौर में अपने नाना के पास आकर काम करने लगा था। उसका भाई दिल्ली में रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले में जांच के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी।
फर्स्ट बटालियन की बिल्डिंग से मजदूर गिरा:घायल हालत में ठेकेदार अस्पताल लेकर पहुंचा, मौत