इंदौर। धार रोड स्थित जवाहर टेकरी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक प्लायवुड फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार आग सतीश पटेल की प्लायवुड फैक्ट्री में लगी थी। रात करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली थी। आग बुझाने के लिए करीब डेढ़ लाख लीटर पानी का उपयोग किया गया। मंगलवार अलसुबह तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।किन्नरों के डेरे में भी लगी आग-इधर, सोमवार रात ही नंदलालपुरा क्षेत्र में किन्नरों के डेरे में भी आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार डेरे के नीचे स्थित एक दुकान में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। घटना की सूचना उमर अली खान ने कंट्रोल रूम को दी थी।एक मकान में भी लगी आग-तीसरी आगजनी की घटना आजाद नगर के इंदिरा एकता नगर क्षेत्र में हुई। यहां शैलेंद्र नामक व्यक्ति के घर में आग लग गई, जिससे गृहस्थी का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।तीनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
प्लायवुड फैक्ट्री-किन्नरों के डेरे और मकान में आगजनी 1.5 लाख लीटर पानी से पाया काबू