पशुपतिनाथ मंदिर में युवक द्वारा कथित अभद्रता के विरोध में बजरंग दल और हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन

मन्दसौर। प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर परिसर स्थित सहस्त्र शिवलिंग मंदिर में एक युवक द्वारा कथित रूप से उत्पात मचाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद शहर में रोष व्याप्त हो गया है। घटना के विरोध में बजरंग दल और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंदिर के मुख्य द्वार पर धरना देकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 19 अक्टूबर को दोपहर के समय एक मुस्लिम युवक ने मंदिर के अंदर पहुंचकर अभद्र हरकतें की और तोड़फोड़ का प्रयास किया, जिससे सनातन धर्म की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रबंधक राहुल रूनवाल और सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और उनकी लापरवाही का आरोप लगाते हुए बर्खास्तगी की मांग पर अड़े रहे। नेताओं का कहना था कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों द्वारा समय पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।विवाद बढ़ता देख मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम शुभम पाटीदार और एसडीएम एकता जायसवाल ने दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद धरना समाप्त किया गया, हालांकि हिंदू संगठनों के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जिम्मेदार प्रबंधकों और सुरक्षा एजेंसी पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा एजेंसी की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी युवक इमरान के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment