मल्हारगढ़। राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और थर्ड डिग्री टॉर्चर के बाद मध्य प्रदेश के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मनासा खुर्द ग्राम पंचायत के निवासी नाबालिग ऋतुराज की मौत के मामले में कांग्रेस ने न्याय की मांग उठाई है। सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने ऋतुराज के परिजनों के बीच पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस सचिव द्वय सोमिल नाहटा,परशुराम सिसोदिया, प्रदेश कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष चंचलेश व्यास,सह सचिव मुकेश निडर,जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा,मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा,पिपलिया मंडी नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उनियारा कांग्रेस नेता ईशरत शेख,राज नागदा सहित कांग्रेसजन ने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। परिजनों के आरोपों के अनुसार, ऋतुराज के साथ मुहाना थाने में मारपीट की गई तथा उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और उसे करीब 11 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहकर उपचार कराना पड़ा। परिजनों के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग निजी अस्पतालों में उसका उपचार करवाया और इलाज का खर्च भी उठाया। अंततः रितुराज की मौत हो गई।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह डोटासरा को अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग रखी।