उज्जैन। प्रधानमंत्री आवास योजना में बन रही मंछामन मल्टी का निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से हफ्ता मांगने और पथराव कर गाड़ी के कांच फोड़ने वाले 4 बदमाशों का रविवार को जुलूस निकाला गया। पथराव में 2 नाबालिग भी शामिल है।
विगत बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना में बन रही मंछामन मल्टी के ठेकेदार नंदेश्वर पिता हरीदास बर्मन निवासी विधाधर नगर जयपुर हाल मुकाम मंछामन कालोनी से आधा दर्जन बदमाशों ने क्षेत्र में ठेकेदारी करने पर हफ्ता मांगा था। ठेकेदार द्वारा मना करने पर बदमाशों ने पथराव कर दिया था। जिसमें सह ठेकेदार शाकीर पटेल के चार पहिया वाहन क्रमांक एमपी 43 टी 1081 के कांच फूट गये थे और मजदूर मेहरबान और इरशाद पत्थरबाजी में घायल हो गये थे। नीलगंगा थाना पुलिस ने ठेकेदार नंदेश्वर की शिकायत पर 6 बदमाशों के खिलाफ हफ्ता वूसली और पथराव करने का प्रकरण दर्ज किया था। रविवार को बदमाशों में शामिल कुलदीप उर्फ बड़े पिता किशोर 26 साल, अजय उर्फ खज्जू पिता गोरधन 24 साल, रितेश उर्फ भैरू पिता हुकुमचंद निवासी शांतिनगर, यश उर्फ नानू पिता पप्पू जोशी सहित 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोपहर में चारों बदमाशों का पुलिस ने उसी स्थान पर ले जाकर जुलूस निकाला, जहां उन्होने पथराव किया था। इस दौरान बदमाश उठक-बैठक लगाते और अपराध नहीं करने की कसम खाते दिखाई दिये। थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि कुलदीप के खिलाफ पूर्व में प्रकरण दर्ज है। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जायेगा।
पथराव कर कांच फोड़ने वाला का निकाला जुलूस -निर्माणाधीन मल्टी में ठेकेदार से मांगा हफ्ता