उज्जैन। रेलवे स्टेशन परिसर में रोपवे के लिये खोदे गये गड्डे में गिरने से मजदूर परिवार के 4 वर्षीय पुत्र की मौत हो गई थी। एक माह की जांच के बाद जीआरपी ने मामले में ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जीआरपी ने बताया कि 17 जून को नाना सिंघाड़े निवासी धार का चार वर्षीय पुत्र अल्लू रेलवे परिसर में खोदे गये रोपवे के पानी से भरे गड्डे में डूब गया था। मासूम पुत्र के लापता होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की थी। जीआरपी के पहुंचने पर सामने आया था कि नाना सिंघाड़े का परिवार अहमदाबाद मजदूरी के लिये गया था और वापस लौटा था। उन्हे माड़व लौटना था लेकिन ट्रेन नहीं होने पर परिवार रेलवे परिसर माल गोदाम के पास रूक गया था और खाना बनाने की तैयारी कर रहा था। मासूम के लापता होने पर परिवार की महिलाओं को लगा था कि वह नाना या पिता के साथ बाजार गया हो गया, लेकिन नाना और पिता के लौटने पर मासूम उनके साथ नहीं था। बालक की परिसर में तलाश शुरू की गई थी। कुछ देर बाद शंका होने पर पानी से भरे रोपवे के गड्डे में तलाश की गई थी, जिसमें से मासूम का शव बरामद हुआ था। मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया था। एक माह बाद मासूम की मौत के मामले में तथ्य सामने आये कि राष्ट्रीय राजमार्ग रसद प्रबंधन लिमिटेड के ठेकेदार पार्थ सारथी स्वेन निवासी ओडिशा के द्वारा गड्ढे की खोदाई करवाई थी और उसे लापरवाही पूर्वक खुला छोड़ दिया गया था। ठेकेदार की लापरवाही होने पर उसके खिलाफ धारा 106 (1), 290 बीएनएस केस दर्ज किया गया है।
मासूम की मौत के मामले में ठेकेदार पर केस दर्ज