हिरासत में सास-पत्नी पर गोली चलाने वाला दामाद

उज्जैन। सास और पत्नी पर गोली चलाने वाले दामाद को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उससे पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गोगाखेड़ी में रहने वाली सीमा खारोल का कुछ साल पहले गुजरात के बलसाड़ स्थित वेस्ट रेलवे यार्ड में रहने वाले धर्मेन्द्र पिता धारासिंह गेहलोद से विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों के बीच पारिवारिक विवाद होने लगा। 4 साल पहले पत्नी सीमा मायके आ गई और पति के खिलाफ तलाक का केस दायर कर दिया। शनिवार को धर्मेन्द्र गोगाखेडी आया और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। पत्नी ने मना किया तो पिस्टल तान दी। सीमा से विवाद होता देख मां बसंताबाई बीच-बचाव करने आई तो दामाद धर्मेन्द्र ने उल्टी पिस्टल से सिर पर हमला किया। धर्मेन्द्र को विवाद करता देख दोनों मां-बेटी ने उसे घर में धक्का देकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। धर्मेन्द्र ने खिड़की में से पत्नी और सास पर 2 फायर किये। दोनों बच गई उन्होने पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया तो धर्मेन्द्र खिड़की से कूदकर भाग निकला। गोली चलाने की खबर मिलने पर पुलिस गोगाखेड़ी पहुंची और धर्मेन्द्र की तलाश शुरू की। उसके खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया गया। थाना प्रभारी सुरेन्द्र गरवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश में एसआई दिग्विजयसिंह आंजना, एएसआई वीपीसिंह परिहार, आरक्षक नारायणसिंह कुशवाह, शुभकरणसिंह भदौरिया, मोहरसिंह, अनारसिंह की टीम गठित की गई। पता चला कि पत्नी और सास पर जानलेवा हमले का प्रयास करने वाला गांव से भागने की फिराक में रावतखेड़ी फंटा (तारोट रोड) के पास खड़ा होकर वाहन का इंतजार कर रहा है। पुलिस की टीम तत्काल घेराबंदी के लिये पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी को रविवार दोपहर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उससे पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment