उज्जैन। शनिवार-रविवार रात गोरकर परिवार और पासी समुदाय के बीच खून खराबे में 2 सगे भाईयों की मौत हो गई। एक भाई को गोली लगी थी, दूसरे पर तलवार-चाकू से वार किये गये थे। हत्या में शामिल एक बदमाश की रविवार को घेराबंदी की गई, बदमाश ने एसआई से पिस्टल छीनने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। अब तक पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें एक महिला शामिल है।
नीलगंगा चौराहा पर कुछ माह से चली आ रही रंजीश में गोरकर परिवार और पासी समुदाय के बदमाशों का आमना-सामना हो गया। पासी समुदाय के 20 से 25 बदमाशों ने तलवार-चाकू, देशी कट्टे से गोरकर परिवार के 2 सगे भाईयों लाकेश पिता स्व. प्रदीप गोरकर 32 साल और जय उर्फ जितेश गोरकर 29 साल पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों भाईयों पर हमला होता देख चाचा दिलीप उर्फ दिल्लू पहलवान और उनका पुत्र तपन बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी तलवार चाकू से हमला किया। हमलावरों ने ताबाड़तोड़ गोलियां चलाकर पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। गोरकर परिवार के चारों घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया। लोकेश को सीने में गोली लगी थी, जिसकी मौत होना सामने आया। भाई जितेश उर्फ जय, दिलीप उर्फ दिल्लू पहलवान और उनके पुत्र तपन को भर्ती किया गया। रविवार तड़के खबर आई कि जितेश उर्फ जय की मौत हो गई। दोहरा हत्याकांड की खबर लगते ही पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गये। मामले की गंभीरता को देखते हुये तीन से चार थानों का बल तैनात किया गया। यहीं नहीं नीलगंगा चौराहा क्षेत्र में भी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। दोनों भाईयों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने दोनों की अंतिम यात्रा साथ निकाली, जिसमें सैकड़ो की संख्या में रिश्तेदारों, परिचितों के साथ भाजपा-कांग्रेस से जुड़े सदस्य शामिल हुये। घटना में घायल दिलीप उर्फ दिल्लू पहलवान भाजपा की राजनीति से जुड़े है और धार्मिक प्रवृति के है।
बदमाश नरेश को पुलिस ने मारी गोली
रात में सामने आये घटनाक्रम के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने हत्या में शामिल पासी समुदाय के आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिये थे। सुबह होने से पहले 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिये गया। जिसमें एक महिला शामिल है। उनसे पूछताछ में पता चला कि हत्या में शामिल एक साथी लालपुल के समीप छुपा हुआ है। नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील, एसआई यादवेन्द्रसिंह परिहार, प्रधान आरक्षक कमल पटेल, पुष्पराज घेराबंदी करने पहुंचे। बदमाश नरेश पासी ने एसआई से पिस्टल छीनने का प्रयास किया, जिसके चलते झूमाझटकी हुई। बदमाश ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसके पैर पर गोली मारकर शार्ट एनकाउंटर कर हिरासत में ले लिया। जिसका अभिरक्षा में उपचार कराया जा रहा है।
महिला को लेकर चल रहा था विवाद
एएसपी गुरूप्रसाद पाराशर ने बताया कि गोरकर परिवार और पासी समुदाय के बीच महिला को लेकर विवाद चला आ रहा था। 2 माह पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। नीलगंगा थाना पुलिस ने पासी समुदाय के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। उसी रंजीश में रात को पासी समुदाय के लोग नशे की हालत में गोरकर परिवार के दरबार फूड्स कैफे एंड रेस्टोरेंट पहुंचे थे और हमला किया था।
8 के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मामले में घायल तपन गोरकर की शिकायत पर रोशन पासी, राकेश पासी, नरेश पासी, सन्नी, संजय, रोहित, दुर्गेश और मंजू उर्फ मीना पर नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। महिला सहित पांच आरोपी हिरासत में है। जिसमें एक को शार्ट एनकाउंटर में पकड़ा गया है। घटना में शामिल अन्यों को सीसीटीवी कैमरों की मदद से चिन्हित किया जा रहा है।
-नीलगंगा चौराहा पर खून-खराबे के 5 आरोपी हिरासत में 2 भाईयों की हत्या में शामिल बदमाश को मारी गोली