उज्जैन। पुत्र से मिलने कार से निकले दंपति उज्जैन-इंदौर मार्ग पर सड़क हादसे का शिकार हो गये। पंचर खड़े ट्रक में कार पीछे से जा घुसी थी। पत्नी की मौके पर मौत हो गई। पति की इंदौर में उपचार के दौरान सांस थम गई। हादसे में दंपति के साथ सवार युवती और ट्रक का ड्रायवर घायल हुआ है।
आगर मालवा के सराफा बाजार में रहने वाले गोपालदास सोनी 55 साल आभूषण दुकान संचालित करते थे। वह 2 बच्चों के पिता थे। एक पुत्र इंदौर में रहता है। रविवार सुबह आगर से पत्नी रेखा सोनी 53 साल और दोस्त की पुत्री निशिता पिता मुकेश गर्ग 16 साल के साथ अपनी कार क्रमांक एमपी 42 सी 2786 में सवार होकर इंदौर के लिये निकले थे। उज्जैन तक का सफर पूरा करने के बाद इंदौर रवाना हुये थे। इस दौरान उज्जैन-इंदौर मार्ग रामवासा वृंदावन चौराहा पर ओव्हर टेक कर आगे निकलने का प्रयास करते समय सड़क किनारे पंचर खड़े ट्रक में कार पीछे से जा घुसी। हादसा होते ही कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ड्रायविंग कर रहे गोपालदास सोनी और उनकी पत्नी रेखा सोनी गंभीर घायल हो गये। पीछे बैठी निशिता गर्ग भी घायल हो गई। नीलगंगा-नानाखेड़ा थाने की डायल 112 घटनास्थल पहुंची। लोगों की मदद से कार में फंसे दंपति को बाहर निकाला गया। रेखा सोनी की मौत हो चुकी थी। गोपालदास सोनी और निशिता गंभीर घायल थे। दोनों को उपचार के लिये इंदौर रैफर किया गया। रेखा सोनी का शव चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। कुछ देर बाद खबर सामने आई कि इंदौर रैफर किये गये गोपालदास सोनी ने भी दम तोड़ दिया। नानाखेड़ा थाना प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी ने बताया कि रेखा सोनी के मामले में मर्ग कायम कर परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया गया। इंदौर में गोपाल सोनी का पोस्टमार्टम होने के बाद शव को उज्जैन लाया गया। जहां से दोनों दंपति का शव अंतिम संस्कार के लिये आगर मालवा ले जाया गया। निशिता का इंदौर में उपचार चल रहा है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे में ट्रक ड्रायवर भी हुआ घायल
प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी ने बताया कि हादसे में ट्रक का ड्रायवर आबिद पिता सरदार खान निवासी जामगोद सोनकच्छ भी घायल हुआ है। जिसके बयान दर्ज करने पर उसने बताया कि वह गेहूं का ट्रक लेकर इंदौर जा रहा था। टायर पंचर होने पर सड़क किनारे खड़ा कर पंचर टायर बदलने के लिये ट्रक के नीचे लेटकर जैक चढ़ा रहा था, उसी दौरान पीछे से कार आकर घुस गई।
जाम में फंसी एम्बुलेंस-डायल 112
सड़क हादसे के बाद एम्बुलेंस और डायल 112 को पहुंचने में देरी हो गई। जिसके चलते मार्ग पर जाम के हालत बन गये थे। पुलिस के पहुंचने के पर सामने आया कि शहर में नागपंचमी और सावन माह का तीसरे सोमवार की सवारी होने पर भीड़ अधिक होने से जाम लगा हुआ है, जिसके चलते पहुंचने में देरी हुई है। पुलिस ने जाम खुलवाया और सभी को अस्पताल पहुंचाया।
पत्नी की मौक पर हुई मौत, पति ने इंदौर में तोड़ा दम उज्जैन-इंदौर मार्ग पर पंचर खड़े ट्रक में घुसी कार