इंदौर।इंदौर के जेल रोड स्थित चाइना टाउन मार्केट में बुधवार सुबह एक व्यापारी पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर पैर में चाकू मारकर मौके से फरार हो गए।घायल व्यापारी को आसपास के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।एमजी रोड थाना पुलिस के मुताबिक घायल व्यापारी आनंद पुत्र रामचंद्र विशपुते निवासी स्कीम-114 हैं। उन्हें उनके परिचित इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आनंद के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।घायल के साथी अजय ने बताया कि आनंद का पंखे और एयर कंडीशन का कारोबार है। चाइना टाउन मार्केट में उनका ऑफिस है। बुधवार सुबह वह ऑफिस पहुंचे थे और मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे।बताया जा रहा है कि एक बदमाश ने पीछे से लोहे की रॉड से हमला किया। आनंद बचने के लिए खड़े हुए तो उनके कंधे और सिर पर चोट लगी। इसके बाद दूसरे बदमाश ने उनके पैर पर चाकू से वार कर दिया। आनंद के शोर मचाने पर दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को इलाके के सीसीटीवी कैमरों में दोनों बदमाश बाइक से आते-जाते दिखाई दिए हैं। एमजी रोड थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।