उज्जैन। लोन दिलाने के नाम धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी के खिलाफ एक बार फिर 3 लोगों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। पति-पत्नी कुछ माह पहले ही जमानत पर रिहा हुये थे। दोनों करीब 10 से ज्यादा लोगों को झांसा देकर धोखाधड़ी कर चुके है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि कानीपुरा में रहने वाले सचिन पिता जगदीश डोडिया की शिकायत पर विद्यापति नगर में रहने वाली वैदिका दुबे और उसके पति उपेन्द्र दुबे के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318 (4),धमकी देने की धारा 296 (बी) और 3 (5) भारतीय न्याय संहिता का प्रकरण दर्ज किया गया है। सचिन द्वारा शिकायती आवेदन देकर बताया गया था। उसे लोन की जरूरत थी दोस्त सुनील द्वारा बताया गया कि एएसएस फायनेंस कंपनी चलाने वाली वैदिका और उसके पति उपेन्द्र द्वारा उसका लोन पास कराया गया है। दोस्त के माध्यम से 5 लाख का लोन लेने पहुंचा। पति-पत्नी ने उसे बातों में उलझा कर लोन की प्रोसेस पूरी करने के नाम पर 2 लाख 68 हजार रूपये ले लिये। कई महिनों बात भी लोन नहीं दिलाया, पैसे मांगने पर धमकी देने लगे। पुलिस के अनुसार सचिन द्वारा मामले की शिकायत आवेदन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की गई थी। जहां से जांच के लिये मामला थाने आने पर जांच पूरी होने के बाद दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
सचिन की मां और दोस्त को भी ठगा
पुलिस जांच में सामने आया कि सचिन का वैदिका और उपेन्द्र से परिचय करने वाले दोस्त सुनील और उसकी मां रेखा डोडिया से भी दोनों धोखाधड़ी कर चुके है। सुनील के बयान दर्ज करने पर सामने आया कि उसे लोन दिलाया गया था, लेकिन पांच साल की एफडी करने पर डबल देने की बात कहीं थी। दिलाई गई लोन की राशि 2 लाख 30 हजार रूपये ले लिये गये थे। लेकिन कुछ दिन बाद दोनों धोखाधड़ी के मामले में जेल चले गये थे। सचिन की मां रेखा डोडिया राजेन्द्र नगर में रहती है। उससे उधार के रूप में 2 लाख 60 हजार रूपये लिये थे और वापस नहीं दिये। पुलिस ने सुनील और रेखा डोडिया के बयान दर्ज कर उनकी शिकायत पर भी प्रकरण दर्ज किया है।
सालभर पहले दर्ज हुआ था प्रकरण
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि पति-पत्नी के खिलाफ सालभर पहले भी कुछ लोगों ने लोन दिलाने के पर धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। करीब 8 माह पहले वैदिका और उपेन्द्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हे जेल भेजा गया था। करीब चार माह जेल में रहने के बाद दोनों जमानत पर छूटे है, लेकिन उनके खिलाफ धोखाधड़ी करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक करीब 10 लोग सामने आ चुके है।
जमानत पर रिहा पति-पत्नी पर दर्ज हुआ प्रकरण लोन दिलाने के नाम पर 3 लोगों से ठगे लाखों