उज्जैन। संपत्ति संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस द्वारा जिले में आधी रात को पारदी डेरो पर दबिश दी जा रही है। शनिवार-रविवार रात चिंतामण थाना क्षेत्र के 2 डेरो पर दबिश दी गई और 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
चिंतामण गणेश थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में आधी रात को ग्राम कंडारिया और पारदी खेड़ा में पारदी डेरो पर दबिश दी गई थी। जहां से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और डेरो में खड़े 3 दो पहिया वाहन जप्त किये गये। रविवार दिनभर पूछताछ के बाद वाहनों के दस्तावेज मिलने पर छोड़ दिये गये, लेकिन हिरासत में लिये गये 10 संदिग्धों के पूर्व में अपराध होने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। विदित हो कि पिछले कुछ दिनों से लगातार पुलिस की टीमे पूरे जिले में पारदी डेरो पर दबिश मार रही है। पारदी गिरोह वाहन चोरी, नकबजनी जैसी वारदातों में शामिल रहता है। जिनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस ने अभियान शुरू किया है। चिंतामण गणेश थाना क्षेत्र में दी गई दबिश से पहले पुलिस की टीम पंवासा, चिंमनगंज, महाकाल, भैरवगढ़ और घट्टिया थाना क्षेत्रों में डेरो पर दबिश दे चुकी है। जहां से 147 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था और 22 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। शुक्रवार-शनिवार रात बड़नगर पुलिस ने कस्बे में पारदी और मजदूर डेरो पर दबिश देकर 60 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की थी।
चिंतामण क्षेत्र में आधी रात को पारदी डेरो पर दबिश