ओरछा से इंदौर लौट रहा था परिवार
ब्रह्मास्त्र गुना
गुना शहर के बड़े पुल के पास एक कार में अचानक आग लग गई। इंदौर का परिवार ओरछा से श्री राम राजा के दर्शन कर वापस इंदौर लौट रहा था, तभी गुना में ये हादसा हुआ। घटना में कार पूरी तरह जल गई। जाम के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में आधा घंटा लग गया।
मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर के रहने वाले अंशुल मांडलिक अपने परिवार के साथ ओरछा दर्शन करने के लिए गए थे। शनिवार को वह झांसी में रुके। रविवार को दर्शन करने के बाद वह वापस इंदौर लौट रहे थे। कार में इनके साथ तीन महिलाएं, दो बच्चे थे। रविवार शाम वह गुना पहुंचे।
अचानक गाड़ी में से धुआं उठने लगा- रविवार शाम लगभग 8:50 बजे जैसे ही गाड़ी गुना शहर के बड़े पुल के पास पहुंची, अचानक गाड़ी में से धुआं उठने लगा। गाड़ी चला रहे अंशुल ने तत्काल गाड़ी सड़क किनारे लगाई और पूरे परिवार को गाड़ी से उतारा। देखते ही देखते गाड़ी ने आग पकड़ ली और पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई।
अंशुल ने राहगीरों से फायर ब्रिगेड को बुलाने का निवेदन किया, जिसके बाद राहगीरों ने फायर ब्रिगेड को कॉल किया। सड़क के दोनों तरफ जाम लग जाने के कारण फायर ब्रिगेड को गाड़ी तक पहुंचने में लगभग आधा घंटा लग गया। तब तक कार पूरी तरह जल गई। गाड़ी में सीएनजी किट लगी हुई थी। हादसे में कार पूरी तरह जल गई। कार जल जाने के कारण परिवार पर आगे जाने को साधन नहीं बचा। ऐसे में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा के बेटे अक्कू सलूजा आगे आए और उन्होंने परिवार को अपने होटल में आश्रय दिया।