पुणे।पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद वापस पुणे लौट आई। विमान का लैंडिंग गियर ऊपर नहीं जा सका था और बाहर ही रह गया।पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 192 लोग सवार थे।सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया।इंडिगो ने हादसे की जानकारी दी है।
रनवे के ऊपर से गुजारा विमान, फिर सुरक्षित उतारा-लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि देखा जा सके कि उसका लैंडिंग गियर ठीक से खुला है या नहीं। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान को पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया। जांच में विमान की स्थिति सुरक्षित मिलने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई। इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।