सारंगपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार को भोपाल स्थित उनके निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के किसानों के सामने आ रही वर्तमान चुनौतियों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराना था। बैठक में विशेष रूप से गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया के दौरान किसानों को हो रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री से निवेदन किया गया कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को होने वाली असुविधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न हो। गेहूं के साथ-साथ खाद-बीज की उपलब्धता और अन्य स्थानीय कृषि मुद्दों पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपार्जन प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले पूर्व सीएम