आज शाम 6 बजे बदल जायेगी शहर की यातायात व्यवस्था रात 10 बजे से अनंत चतुदर्शी का चल सामारोह, 6 मार्गो पर वाहन रहेगें प्रतिबंधित

उज्जैन। आज गणपति बप्पा का विदाई चल समारोह चामुंडा माता चौराहा से रात 10 बजे शुरू होगा। इससे पहले शाम 6 बजे बाद शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया जायेगा। रात 8 बजे बाद 6 मार्गो पर वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित होगें।
यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि गणपति बप्पा का विदाई चल समारोह (अनंत चतुदर्शी) में शामिल होने वाली झांकियां रात 8 बजे से चामुंडा माता चौराहा पर एकत्रित होना शुरू हो जायेगी। रात 10 बजे चल समारोह की शुरूआत होगी। चामुंडा माता चौराहा से चल समारोह देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज, फव्वारा चौक, नई सड़क, कंठाल होते हुए निकलेगा। कुछ गणेश प्रतिमाएं मंगलनाथ की ओर विसर्जन के लिये जाएंगी, शेष जुलूस सतीगेट, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, महाकाल घाटी होते हुए बेगमबाग की ओर रवाना होगा। शेष झांकियां बक्शी बाजार, पानदरीबा, गणगौर दरवाजा, रामानुजकोट होते हुए क्षिप्रा नदी स्थित रामघाट और सुनहरी घाट पहुंचकर विसर्जन के साथ समाप्त होंगी। इस दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने और चल समारोह में शामिल होने वालों को कोई परेशानी ना हो इसको लेकर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। जो इस प्रकार रहेगा।
यहां से वाहनों का किया जायेगा डायवर्ट
शाम 6 बजे से चामुंडा माता चौराहा की ओर जाने वाले यातायात को डायवर्ट किया जायेगा। जिसमें  ग्रांड होटल से फ्रीगंज ब्रिज होते हुए चामुंडा माता चौराहा, देवासगेट एवं इंदौरगेट तिराहा की ओर जाने वाले यातायात को हनुमानदास पेट्रोल पंप से देवासगेट बस स्टैंड होते हुए देवासगेट चौराहा और इंदौरगेट की ओर भेजा जाएगा। कोयला फाटक चौराहा से आॅटो रिक्शा, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहनों को हीरामिल कुंड तिराहा, पाटीदार ब्रिज होते हुए सांदीपनि चौराहा, कंट्रोल रूम से देवास रोड की ओर रवाना किया जायेगा। आगर-तराना से आने वाली बसें, जो देवासगेट बस स्टैंड आती है। उनके लिए मंडी चौराहा से देवासगेट बस स्टैंड की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बसे मंडी चौराहा पर ही सवारी उतारेगी और वापस बैठाकर रवाना होगी। हरिफाटक चौराहा और हरिफाटक टी से देवासगेट चौराहा होते हुए चामुंडा माता चौराहा से मंडी चौराहा, आगर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया वाहनों को छोड़कर शेष यातायात को हरिफाटक चौराहा से शांति पैलेस, इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा, पाइप फैक्ट्री, विक्रम नगर, पांड्याखेड़ी चौराहा होते हुए मंडी चौराहा से आगर रोड की ओर भेजा जाएगा।
रात 8 बजे यहां वाहनों होगें प्रतिबंधित
रात 8 बजे चामुंडा माता चौराहा पर झांकियां एकत्रित होना शुरू होगी। उस दौरान हनुमानदास पेट्रोल पंप से चामुंडा माता चौराहा, सुभाष मार्ग (चरक अस्पताल) से चामुंडा माता चौराहा, प्रेमछाया से चामुंडा माता चौराहा, देवासगेट चौराहा से चामुंडा माता चौराहा, दौलतगंज चौराहा से देवासगेट चौराहा, सुदामा नगर से चामुंडा माता चौराहा की ओर वाहन पूर्णरूप से प्रतिबंधित रहेगें।
प्रमुख चौराहों से भी यातायात डायवर्ट
चल समारोह के चलते शहर के प्रमुख चौराहा में शामिल कोयला फाटक चौराहा, नया मार्ग, मंडीगेट चौराहा, इंदौरगेट तिराहा, मदारगेट,  क्षीर सागर टर्निंग, कंठाल चौराहा, नरेन्द्र टॉकीज, तेलीवाड़ा चौराहा, टंकी चौक,कमरी मार्ग, गुजरी चौराहा, दानीगेट, गणगौर दरवाजा, पानदरीबा, हरसिद्धि पाल, यादव धर्मशाला, बेगमबाग चौराहा, हरिफाटक चौराहा पर वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा। चल समारोह के दौरान संपूर्ण चल समारोह मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों, दोपहिया वाहनों सहित, का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उज्जैन पुलिस की आमजन से अपील है कि असुविधा से बचने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए   निर्धारित डायवर्शन मार्गों का उपयोग करें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment