इंदौर। अनंत चतुर्दशी के भव्य चल समारोह के दौरान इंदौर क्राइम ब्रांच ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर जमकर शिकंजा कसा। 137 पुलिसकर्मियों के बल और 7 विशेष टीमों ने जुलूस मार्ग से लेकर आसपास के इलाकों तक लगातार पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग की। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, अभियान के दौरान करीब 1,000 लोगों की चेकिंग की गई। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए 55 लोगों के खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई और संबंधित थाना पुलिस को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सौंपा गया। चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ शराब, गांजा, चिलम, ई-सिगरेट, धारदार चाकू और अन्य संदिग्ध सामग्री लगी। इसके अलावा भीड़ के बीच मोटरसाइकिल से रेस लगाने, शराब सेवन और मोबाइल स्केचिंग जैसी गतिविधियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्राइम ब्रांच की टीमें पूरे चल समारोह के दौरान मुस्तैद रहीं। पुलिस का फोकस जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर रखने पर रहा। क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार, अनंत चतुर्दशी चल समारोह के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रही।