महिदपुर।महिदपुर कृषि उपज मंडी की स्थापना सन् 1953 की 26 जुलाई को हुई थी। मंडी की स्थापना के साथ नागौरी बाजार के किराये से भवन में मंडी कार्यालय प्रारंभ किया गया था। उस समय शुद्ध घी, ज्वार व कपास की फसलें इस क्षेत्र में होती थीं और वर्तमान जवाहर चौक व शहीद भटनागर चौक में मंडी की नीलामी हो जाती थी। गिनती की बैलगाड़ियों में कपास, ज्वार आठ था। मंडी की स्थापना के साथ ही मध्यभारत शासन में राज पत्र में प्रकाशित कर 25 ग्रामों के क्षेत्र को मंडी में घोषित कर नगर पालिका से रामलाल छजलानी, राजमल बांठिया, रखबचंद सोनी, मांगीलाल पाटनी को तथा कृषक क्षेत्र से चम्पालाल मूणत, नेमीचन्द कासलीवाल, इन्द्रमल सकलेचा, प्रतालमल ओस्तवाल को समिति का सदस्य मनोनीत किया गया था।
मंडी की स्थापना के साथ मंडी कार्य व खेती की फसलों से बढ़ता गया और वर्तमान मंडी के उत्तर दिशा का प्रांगण, जो कॉटन जिनिंग फैक्ट्री को शासन ने लीज पर दिया था, जिनिंग कार्य बंद होने से यह भूमि कृषि उपज मंडी के लिये शासन ने दी। इस प्रांगण में चोपड़े के पास भवन में कृषि उपज मंडी का कार्यालय प्रारंभ हुआ।सन् 1966-67 में मंडी अध्यक्ष नाथूसिंह परिहार खेड़ा मद्द की ड्राइंग को स्वीकृत कर नया भवन बनाया गया। स्मरणीय है नाथूसिंह परिहार ने तत्कालीन समय में मशहूर फिल्म कलाकार दिलीप कुमार के साथ एक दो फिल्मों में अभिनय भी किया। नए भवन में मंडी कार्यालय अध्यक्ष भेरूसिंह केलवा के कार्यकाल में शुरू हुआ। इस प्रांगण में जगह कम होने के से शासन ने वर्तमान मंडी प्रांगण की भूमि कन्हैयालाल कानूनगो रावला वाले से शासन ने मंडी को अंतरित की। सन् 1973 के बाद हरित क्रांति व नई गेहूँ की किस्मों सिंचाई क्षेत्र में वृद्धि होने के साथ सोयाबीन व गेहूँ की प्रमुख मंडी का दर्जा महिदपुर मंडी को मिला। 50 वर्षों में फसलों के उत्पादन में वृद्धि होने से मंडी प्रांगण छोटा होने लगा। गेहूँ और सोयाबीन के सीजन में मंडी के बाहर एक किलोमीटर लंबी कतारें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, मेटाडोर, बैलगाड़ियों की लगने लगीं। ट्रैफिक जाम होने लगा और किसानों को असुविधा होने लगी।वर्तमान में मंडी बोर्ड भंग होकर प्रशासनिक व्यवस्था है। प्रशासक के रूप में अनुविभागीय अधिकारी अजय हिंगे कार्यरत है। इस समस्या का समाधान इनके कार्यकाल में आसानी से हो सकेगा अब मंडी प्रांगण के लिए 50 बीघा जमीन की आवश्यकता है। राजस्व विभाग के प्रमुख होने के नाते महिदपुर के आसपास शासकीय भूमि कहा कहा पर है इसको देखकर नए प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, जिससे इस समस्या का स्थायी हल निकल सके।
महिदपुर के आसपास की निजी भूमियों के भाव इतने ज्यादा हैं, जिसके कारण शासन की स्वीकृति मिलने में भी कई कठिनाइयाँ आएंगी। शासकीय भूमि के प्रस्ताव को जल्दी मूर्त रूप मिल सकता है क्षेत्र के व्यापारियों, कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या के निराकरण में अपनी अहम भूमिका निभाना चाहिए, जिससे समस्या का हल हो सके।