नीमच। दीपावली पर्व की देर रात नीमच जिले के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन स्थित भड़भड़िया चौराहे के पास एक कैफे पर दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 15 से अधिक युवक शामिल थे। इस घटना में गंभीर चोट लगने के कारण एक युवक ईशान पिता मनीष चौरसिया की जिला अस्पताल में दुखद मौत हो गई।मारपीट में दोनों पक्षों के कई अन्य भी घायल हुए हैं। इनमें से दो गंभीर घायल युवकों—निहाल शर्मा (20 वर्ष), पिता रवि शर्मा, निवासी नीमच सिटी और रुद्राक्ष शर्मा (25 वर्ष), पिता राजेश शर्मा, निवासी वीर पार्क रोड, नीमच को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार दर रात फोरलेन स्थित 24/7 कैफे पर विवाद में गंभीर रूप ले लिया। यहां दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडों और मुक्कों से जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश व्यास स्वयं कैंट थाने पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अब तक 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लगा रहा। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली की रात दो गुटों मे मारपीट में एक युवक की मौत. 2 युवक गंभीर घायल उदयपुर रेफर