ठगी की राशि से गोल्ड खरीदी में शामिल था बीटेक छात्र -दिल्ली से उज्जैन लाई पुलिस, अब तक 5 गिरफ्त में

उज्जैन। साइबर ठगी की राशि से गोल्ड खरीदी करने वाले गिरोह में शामिल बीटेक छात्र को दिल्ली से बुधवार को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया है। जिसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया। अब तक मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
माधवनगर थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि 18 जून को नर्मदापुरम के रहने वाले कशिश पिता सुनील, राहुल उर्फ शानू पिता अरुण और अनिमेश उर्फ अनुराग उर्फ अन्नी पिता अभय को सखीपुरा स्थित होटल हीरा पैलेस में दबिश देकर गिरफ्तार किया था। तीनों ने शहर के चार ज्वेलर्स के यहां क्यूआर कोड से साइबर ठगी की राशि का ट्रांजेक्शन कर गोल्ड क्वाइन खरीदे थे। तीनों के गिरफ्त में आने पर उनके गिरोह से जुड़े साथियों की तलाश शुरू की गई थी। गिरोह में शामिल एक आरोपी की जानकारी मिलने पर एसआई सालगराम चौहान की टीम को दिल्ली रवाना किया गया था। जहां से प्रियांशु रंजन 22 वर्ष को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया है। वह कम्प्यूटर साइंस में बीटेक कर चुका है। वर्तमान में दिल्ली की एक कंपनी में ट्रेडिंग का काम कर रहा था। प्रियांशु मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। उसे बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश कर 3 जुलाई तक रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य साथियों की जानकारी सामने आ सकती है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उसे साइबर का कॉफी नॉलेज है। वह अंतर्राज्यीय स्तर पर लोगों के साथ ठगी करता था। रिमांड अवधि की पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
चौथे आरोपी को भेजा गया जेल
विदित हो कि माधवनगर थाना पुलिस ने घासमंडी चौराहा पर डीपीके गोल्ड शोरूम के प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज किया था और सबसे पहले नर्मदापुरम के 3 आरोपी कशिश, राहुल और अनिमेश को गिरफ्तार किया था। जिन्हे पूछताछ के बाद जेल भेजा गया था। उनकी निशानदेही पर गिरोह में गौरखपुर के रहने वाले शौकत गौड़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया था। उससे मिले सुराग के आधार पर दिल्ली से प्रियांशु को गिरफ्तार किया गया है। शौकत का बुधवार को रिमांड खत्म होने पर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
ऐसे सामने आया था मामला
डीपीके गोल्ड शोरूम से हुई गोल्ड क्वाईन की खरीदी के बाद क्यूआर कोड से भुगतान किया था। गोल्ड शोरूम के खाते में सायबर ठगी की राशि आते ही  खाता होल्ड हो गया था। जिसके बाद मामला सामने आया था। पुलिस जांच में पता चला था कि शहर के 2 ज्वेलर्स के खातों में भी ठगी राशि आई। पुलिस ने  आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रदेश का पहला मामला उजागर किया था। जिसके बाद भोपाल में 4 ज्वेलर्स के होल्ड हुये खातों की जानकारी सामने आई थी। भोपाल में भी उज्जैन पुलिस की गिरफ्त में आया गिरोह शामिल है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment