भाई के घर से लौटा तो टूटा मिला मकान का ताला -आभूषण-नगदी चोरी, पुलिस खंगाल रही कैमरे

उज्जैन। ढांचा भवन में बुधवार सुबह एक मकान में चोरी की वारदात होना सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस जांच के लिये पहुंची। मकान में रहने वाले आटो चालक ने बताया कि सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नगदी चोरी हुई है। पुलिस आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है।
चिमनगंज थाना एएसआई रमेश सेन ने बताया कि ढांचा भवन में जयप्रकाश खत्री ने सुबह सूचना दी कि उसके मकान में चोरी की वारदात हुई। मकान का ताला टूटा हुआ है। जांच के लिये मौके पर पहुंचे तो मकान में सामान बिखरा पड़ा था। जयप्रकाश से पूछताछ करने पर पता चला कि वह आटो चलता है।  उसका बंटी नामक युवक से विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह रात में 10 बजे वह मकान का ताला लगाकर क्षेत्र में रहने वाले भाई के घर चला गया था। सुबह वापस लौटा तो चोरी का पता चला। उसका कहना था कि बदमाश सोने के कुछ आभूषण, चांदी की रकम और नगदी चुराकर ले गये है। एएसआई सेन के अनुसार आटो चालकका कहना था कि उसकी पुत्री बंटी के साथ चली गई है। जिसके चलते उससे विवाद चला आ रहा है। बंटी ने उसे धमकाया था, जिसके चलते वह रात में भाई के घर सोने चला गया था। पुलिस जांच में मामला चोरी से जुड़ा होना प्रतीत हो रहा था। जिसके चलते क्षेत्र में लगे कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। शहर में कुछ दिनों के दौरान दूसरा चोरी का मामला सामने आया है। 3 दिन पहले ऋषिनगर में मेडिकल व्यवसाई के मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई थी। मेडिकल व्यवसाई किराये से रहता है और परिवार के साथ पैतृक घर शाजापुर गया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment