इंदौर। एबी रोड बायपास के नियंत्रण क्षेत्र को 150 मीटर से घटाकर 105 मीटर करने के राज्य शासन के फैसले पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने अंतरिम रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार द्विवेदी की युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के 105 से 150 मीटर के बीच आने वाले क्षेत्र में अब कोई नई अनुमति नहीं दी जाएगी। यह आदेश आज दोपहर 12:50 बजे से प्रभावी हो गया है। नियंत्रण क्षेत्र घटाने के खिलाफ इंदौर के वरिष्ठ सिविल एवं स्ट्रक्चरल इंजीनियर अतुल शेठ ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में राज्य शासन की 6 मई 2025 की राजपत्र अधिसूचना को चुनौती दी गई है। इसी अधिसूचना के जरिए राऊखेड़ी जंक्शन से राऊ जंक्शन तक राष्ट्रीय राजमार्ग के नियंत्रित गलियारे की चौड़ाई 150 मीटर से घटाकर 105 मीटर कर दी गई थी। इसके बाद नियंत्रण क्षेत्र से मुक्त हुई जमीन पर मिश्रित भू-उपयोग की अनुमति देने का रास्ता खुल गया था। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है और राज्य शासन को उसके नियंत्रण क्षेत्र में इस तरह बदलाव करने का अधिकार नहीं है। अधिसूचना जारी करने से पहले मध्यप्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 के तहत निर्धारित अनिवार्य प्रक्रिया का भी पालन नहीं किया गया।
याचिका में यह भी कहा गया कि राजमार्ग के किनारे निर्माण की छूट सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 13 अप्रैल 2026 को सड़क सुरक्षा के संबंध में दिए गए निर्देशों के विपरीत भी है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज मुंशी ने अधिवक्ता हर्षवर्धन राठौर के साथ पक्ष रखा। न्यायालय ने सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी करते हुए अंतरिम आदेश पारित किया। इसके तहत अब संबंधित 105 से 150 मीटर के दायरे में कोई अनुमति नहीं दी जा सकेगी। मध्यप्रदेश शासन, भारत सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सहित अन्य अधिकारियों को इस मामले में प्रतिवादी बनाया गया है। हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश से बायपास के किनारे नियंत्रण क्षेत्र में आने वाली जमीनों पर निर्माण और अन्य गतिविधियों की अनुमति फिलहाल रुक गई है।