सनावद। चांदनीपुरा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर गुरुवार रात महिलाओं का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। शराब से परेशान बड़ी संख्या में महिलाएं हनुमान मंदिर परिसर में हरी चादर बिछाकर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने एक स्वर में गांव में शराब की बिक्री बंद कराने की मांग उठाई।प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में खुलेआम शराब बेची जा रही है। शराब पीकर घर लौटने वाले पुरुष महिलाओं के साथ मारपीट करते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर परिवार और बच्चों पर पड़ रहा है।इसी दौरान सपना नामक महिला ने गोद में बच्चे को लेकर अपनी पीड़ा बयां की। उसने बताया कि उसकी पांच बेटियां हैं। पति शराब पीकर घर आता है और उसके साथ मारपीट करता है। काम के दौरान भी शराब पीता है। विरोध करने पर मारपीट और बढ़ जाती है। महिला की आपबीती ने प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों को झकझोर दिया।महिलाओं का कहना था कि शराब की लत के चलते घरों में अशांति का माहौल है। बच्चों को समय पर भोजन तक नहीं मिल पा रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रशासन से अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हादसे के बाद भी उठे सवाल-गौरतलब है कि चांदनीपुरा क्षेत्र में दो दिन पहले ही अज्ञात वाहन की टक्कर से राहुल (32) की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में शराबखोरी और सड़कों पर अंधेरा भी हादसों की वजह बन रहा है।महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शराब बिक्री पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। अब देखना यह है कि महिलाओं की इस आवाज पर प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है।
फोटो सलग्न