संघ के कुटुंब भोजन में दिखी पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक समरसता की झलक

खरगोन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत द्वारा खरगोन में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग-विशेष में कुटुंब भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें खरगोन के करीब 150 परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में पारिवारिक आत्मीयता, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।इस अवसर पर स्थानीय परिवारों ने अपने घरों से स्नेहपूर्वक भोजन तैयार कर वर्ग में उपस्थित शिक्षार्थियों (स्वयंसेवकों) को अपने साथ बैठाकर भोजन कराया। मां के हाथों से बने भोजन के साथ मिले स्नेह और अपनत्व ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। यह कार्यक्रम समाज और संघ के बीच पारिवारिक जुड़ाव एवं एकात्मता का माध्यम बना।कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़) के सह क्षेत्र प्रचारक श्री प्रेमशंकर जी ने परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। परिवारों में आपसी प्रेम, समरसता, संस्कार और सामूहिकता का भाव मजबूत होगा, तभी समाज भी संगठित और सशक्त बनेगा। उन्होंने परिवारों में संस्कारों के संरक्षण, पारस्परिक संवाद बढ़ाने तथा ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर समाज को एक सूत्र में पिरोने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में शामिल परिवारों ने इस आयोजन को गौरवपूर्ण और आत्मीय अनुभव बताया। कुटुंब भोजन ने यह संदेश दिया कि परिवार केवल एक इकाई नहीं, बल्कि संस्कारों, सामाजिक एकता और समरसता का आधार है। इस आयोजन से संघ शिक्षा वर्ग का वातावरण पारिवारिक स्नेह, अपनत्व और सामाजिक सद्भाव से सराबोर हो गया।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment