*संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने मैदान में उतरी भाजपा कार्यकर्ताओं से जनजागरण का आह्वान

इंदौर। संविधान गौरव दिवस पर भाजपा ने संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए राजनीतिक हमला तेज किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर तथ्यों के साथ जनजागरण करने का आह्वान किया। भाजपा कार्यालय पर आयोजित व्याख्यान में वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के संबोधन में कांग्रेस की राजनीति और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर उसके बयानों पर निशाना साधा गया।    वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे ने कहा कि संविधान लागू हुए 77 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में संविधान को लेकर जितनी चर्चा हो रही है, उतनी पहले नहीं हुई। संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करता है और लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
     उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान को लेकर शुरुआती दौर से ही व्यापक विचार-विमर्श हुआ था। मोघे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान बचाने के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है।           उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मुद्दों पर जनजागरण करने की अपील की।नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि आज हाथों में संविधान लेकर लोकतंत्र बचाने की बात करने वाले नेताओं को अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया।    मिश्रा ने कहा कि जिन्होंने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया, वही आज लोकतंत्र बचाने की दुहाई दे रहे हैं।कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट, वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुद्रा शास्त्री, अंजू माखीजा, ईश्वर बाहेती, महामंत्री सुधीर कोल्हे, महेश कुकरेजा, कैलाश पीपले सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment